भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र के बूढ़ानाथ घाट पर रविवार सुबह एक युवक डूबने से बाल-बाल बच गया। SDRF की टीम ने अपनी गश्ती के दौरान उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गुड़हट्टा चौक के रहने वाले शिवम कुमार को SDRF टीम ने बचाया।
एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कुमार नीलू के अनुसार शिवम कुमार को तैरना नहीं आता था। वह ऊंचे स्थान से नदी में कूद गया था। जब वह डूबने लगा और संघर्ष करने लगा, तो वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया।
शोर सुनकर गश्ती पर मौजूद एसडीआरएफ टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और उसे खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला।
बचाए गए युवक को टीम द्वारा जरूरी प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना के बाद इंस्पेक्टर नीलू ने लोगों से अपील की है कि वे स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से बचें। भागलपुर और नौगछिया क्षेत्रों में गंगा नदी के किनारे चल रहे अभियानों के तहत एसडीआरएफ हाई अलर्ट पर है। हालांकि जलस्तर में थोड़ी कमी आई है, लेकिन यह अभी भी खतरे के निशान से ऊपर है। एसडीआरएफ ने अब तक माणिक सरकार और दियारा क्षेत्रों के बाढ़ प्रभावित इलाकों से 300 से अधिक लोगों को सफलतापूर्वक बचाया है।