भागलपुर: बाबूपुर घाट पर डूबते युवक को SDRF ने बचाया, बाल-बाल बची जान
भागलपुर के बाबूपुर घाट पर कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान एक युवक डूबने से बचा। SDRF की टीम ने समय रहते उसे बाहर निकाला।

भागलपुर के बाबूपुर घाट पर मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर पवित्र स्नान करने आए एक युवक को SDRF की टीम ने डूबने से बचा लिया। अगर बचाव दल समय पर नहीं पहुँचता, तो एक परिवार का चिराग बुझ सकता था।
जानकारी के अनुसार, बाबूपुर के हरिजन टोला निवासी छोटू दास का बेटा छोटू कुमार गंगा नदी में स्नान करने उतरा था। छोटू को तैरना नहीं आता था, लेकिन वह अनजाने में घाट से काफी दूर गहरे पानी में चला गया। गहरे पानी की चपेट में आते ही वह छटपटाने लगा और डूबने लगा।
लापरवाही ने बढ़ाया खतरा, समय पर पहुँची SDRF
मौके पर तैनात SDRF टीम के इंस्पेक्टर नीलू ने बताया कि उनकी टीम पहले से ही गंगा नदी में मौजूद थी। जब उन्होंने एक युवक को पानी में हाथ-पैर मारते देखा, तो शुरुआत में लगा कि वह तैर रहा है। लेकिन जब नाव को पास ले जाया गया, तब अहसास हुआ कि युवक डूब रहा है। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद छोटू को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस घटना ने प्रशासन की लापरवाही को भी उजागर किया है। विक्रमशिला सेतु बंद होने के कारण बाबूपुर घाट से नावों का संचालन हो रहा है, जिसके लिए वहां ड्रेजिंग (सफाई) की गई थी। इसी वजह से प्रशासन ने इस घाट को खतरनाक घोषित किया था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए वहां कोई बैरिकेडिंग नहीं की गई थी।