भागलपुर में सोना खरीदने के नाम पर बड़ा फ्रॉड, सेनको गोल्ड शोरूम में फर्जीवाड़ा

भागलपुर में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। तिलकामांझी थाना क्षेत्र के पाताल बाबू रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में धोखाधड़ी की कोशिश की गई है। इस मामले में शोरूम के फ्लोर मैनेजर तरुण कुमार ने शुक्रवार को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। तरुण कुमार ने फ्रॉड की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज की है।
कैसे आया मामला सामने
शिकायत के मुताबिक 20 सितंबर को एक व्यक्ति शोरूम आया था। उसने अपना नाम अरवल का रहने वाला नंदन कुमार बताया था। वह 50 ग्राम का सोने का सिक्का खरीदना चाहता था। उसने पैसे ट्रांसफर करने के लिए शोरूम के बैंक खाते की जानकारी मांगी। जब उससे पहचान पत्र मांगा गया तो उसने पटना के गुलजारबाग निवासी विनोद कुमार का आधार कार्ड दिया। उसने कहा कि वह विनोद कुमार के लिए सिक्का खरीद रहा है।
फोन पर मिली अलग-अलग बातें
शोरूम के कर्मचारियों ने विनोद कुमार को फोन किया। फोन पर विनोद कुमार ने अलग-अलग बातें बताईं। पहले उसने कहा कि वह पटना में रहता है और बाद में कहा कि वह कोलकाता में है। शक तब और बढ़ गया जब उस आगंतुक के पास मोटरसाइकिल की चाबी देखी गई। जब उससे गाड़ी के बारे में पूछा गया तो वह उसका रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं बता सका। उसने बाद में दावा किया कि विनोद भी भागलपुर में ही मौजूद है। जब कर्मचारियों ने बाहर इंतजार कर रहे एक व्यक्ति से पूछताछ की तो उस शख्स ने भी अपना नाम विनोद बताया।
पुलिस की कार्रवाई
तिलकामांझी पुलिस ने दोनों संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। यह घटना 20 सितंबर की है। तिलकामांझी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने बताया कि उस तारीख को दोनों व्यक्तियों का सत्यापन किया गया था। कोई तत्काल गड़बड़ी नहीं मिलने पर उन्हें एहतियाती कार्रवाई के लिए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय भेजा गया था। शोरूम मैनेजर द्वारा औपचारिक मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने इस मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।