भागलपुर जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहकुंड थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने असरगंज रोड स्थित भट्टाचक के पास एक दुकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है और मौके से एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। - भागलपुर में शाहकुंड थाना पुलिस ने असरगंज रोड स्थित भट्टाचक के पास दुकान में छापेमारी की। - पुलिस ने मौके से एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। - इस कार्रवाई की जानकारी विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने रविवार को प्रेस वार्ता में दी।
भागलपुर के विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने रविवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में बताया कि
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले को नशामुक्त बनाने और युवाओं को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शाहकुंड पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि भट्टाचक के बजरंगबली स्थान के पास स्थित एक दुकान से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस की एक विशेष टीम ने चिन्हित दुकान पर अचानक छापेमारी की। दुकान पर मौजूद व्यक्ति पुलिस टीम को देखते ही भागने लगा, जिसे वहां मुस्तैद सशस्त्र बल के सहयोग से पीछा कर दबोच लिया गया। इसके बाद जब पुलिस टीम ने दुकान और पकड़े गए व्यक्ति की सघन तलाशी ली, तो उसके पास से
कुल 1.575 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पकड़े गए गिरफ्तार आरोपी की पहचान भट्टाचक निवासी अजित कुमार सिंह (पिता: परमानंद सिंह) के रूप में की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है और
आरोपी के खिलाफ संबंधित एनडीपीएस धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ इस अवैध नेटवर्क के अन्य कड़ियों का पता लगाने में जुट गई है।