भागलपुर में भाजपा नेता उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता और नामजद आरोपी पूर्व पार्षद शशि मोदी ने मंगलवार को भागलपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।
- भाजपा नेता उमा भूषण तांती हत्या मामले में बड़ा एक्शन
- मुख्य साजिशकर्ता पूर्व पार्षद शशि मोदी ने किया कोर्ट में सरेंडर
- न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में खुद को किया कानून के हवाले
पुलिस के बढ़ते चौतरफा दबाव के आगे घुटने टेकते हुए मामले के मुख्य साजिशकर्ता और नामजद आरोपी पूर्व पार्षद शशि मोदी ने मंगलवार को भागलपुर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। शशि मोदी ने न्यायिक दंडाधिकारी सद्दाफ मुस्तफा की अदालत में खुद को कानून के हवाले किया।
उल्लेखनीय है कि
दो दिन पूर्व ही पुलिस ने शशि मोदी की पत्नी सह वार्ड संख्या-51 की वर्तमान पार्षद दीपिका कुमारी को हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पत्नी की गिरफ्तारी के बाद से पुलिस की कई विशेष टीमें शशि मोदी की धरपकड़ के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही थीं। पुलिस की इस सख्त घेराबंदी के कारण आरोपी के पास छिपने का कोई रास्ता नहीं बचा, जिसके चलते उसने अदालत की शरण ली।
उल्लेखनीय हो कि
बीते 11 सितंबर को बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतूबगंज कुम्हार टोली के समीप सुबह करीब 10 बजे इस वारदात को अंजाम दिया गया था। बाइक सवार दो बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोलीबारी के बाद परिजन खून से लथपथ उमा भूषण को तुरंत जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। पुलिस अब कोर्ट से रिमांड लेकर शशि मोदी से आगे की पूछताछ की तैयारी कर रही है।