शिवरात्रि पर शिवमय हुआ शहर, हरिद्वार-गौमुख से कांवड़ लाकर भक्तों ने किया जलाभिषेक

मंगलवार को सावन माह की शिवरात्रि के अवसर पर पूरे जिले में भक्ति का माहौल रहा। हरिद्वार और गौमुख से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे शिव भक्तों ने मंदिरों में जलाभिषेक किया। 'बोल बम', 'जय भोलेनाथ' और 'हर हर महादेव' के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। सुबह तड़के से ही मंदिरों में लंबी कतारें लग गई थीं। श्रद्धालु अलग-अलग अंदाज में पहुंचे; कुछ ने कंधे पर मूर्ति उठाई, तो कुछ बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सजाकर डीजे के साथ पहुंचे। भक्तों ने शिवलिंग पर जल, बेल पत्र, दूध, शहद, घी, धूप और दीप चढ़ाकर पूजा-अर्चना की।
शहर के शंभूदयाल शिवालय, मिशन चौक स्थित प्राचीन शिव मंदिर, जय बालाजी मंदिर, अग्रवाल धर्मशाला मंदिर, भूरेबाबा मंदिर, गीता भवन मंदिर, बड़ा बाजार, गंज बाजार, चिंतपूर्णी, शिव धाम और सिटी थाना मंदिर सहित कई जगहों पर भारी भीड़ रही। मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था और महिलाओं व पुरुषों ने मिलकर भजन-कीर्तन किए।
नगर निगम मेयर राजीव जैन ने ऋषि कॉलोनी, शंकर कुई मंदिर, सेक्टर 13, सेक्टर 23 और नगर निगम कार्यालय के भंडारों में पहुंचकर प्रसाद बांटा और पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान महादेव से सभी की सुख-शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। मेयर ने कहा कि शिवरात्रि सेवा और समर्पण का संदेश देती है और इससे समाज में आपसी भाईचारा बढ़ता है। उन्होंने लोगों से जरूरतमंदों की सेवा करने की अपील भी की।
वहीं, विधायक निखिल मदान ने सोनीपत के विभिन्न स्थानों पर आयोजित भजन-कीर्तन और भंडारों में हिस्सा लिया। उन्होंने सिद्धपीठ प्राचीन मंदिर शंकर कुई (कामी रोड), ऋषि कॉलोनी, सेक्टर 13 और सेक्टर 15 के शिव मंदिरों में महा शिव पुराण कथा सुनी। मदान ने कहा कि शिवरात्रि अटूट आस्था का प्रतीक है और भोलेनाथ सभी भक्तों के दुख दूर कर उनकी मनोकामनाएं पूरी करते हैं।