आदर्श ग्राम श्रीरामपुर में 'मृत्यु भोज' पर रोक, नियम तोड़ने वालों पर लगेगा जुर्माना
भागलपुर के आदर्श ग्राम श्रीरामपुर ने मृत्यु भोज की कुप्रथा को खत्म करने का फैसला किया है। नियम तोड़ने वालों पर लगेगा जुर्माना।

भागलपुर जिले के नगर पंचायत अकबरनगर स्थित ऐतिहासिक आदर्श ग्राम श्रीरामपुर में सामाजिक बदलाव की एक नई लहर चली है। गांव के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं और महिला समूहों ने मिलकर एक बड़ा फैसला लिया है कि अब गांव में 'मृत्यु भोज' जैसी खर्चीली और पुरानी कुप्रथा को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। इस मुहिम का मकसद शोक संतप्त परिवारों को आर्थिक बोझ से बचाना और समाज में फैली दिखावे की संस्कृति को रोकना है।
बता दें कि श्रीरामपुर को साल 1972 में ही 'आदर्श ग्राम' का दर्जा मिल गया था और अब यह गांव एक और मिसाल पेश कर रहा है। गांव के बुजुर्गों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि मृत्यु भोज के नाम पर होने वाले दिखावे के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार कर्ज के जाल में फंस जाते हैं। कई बार तो परिवार को अपनी जमीन तक गिरवी रखनी पड़ती है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा जाती है।
दिखावे की जगह अब शिक्षा और विकास पर होगा खर्च
इस अभियान को सफल बनाने के लिए गांव के शिक्षक, युवा और महिलाएं घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। नुक्कड़ सभाओं और सोशल मीडिया के जरिए यह संदेश फैलाया जा रहा है कि दिवंगत आत्मा को सच्ची श्रद्धांजलि बड़े भोज से नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद से मिलती है।
ग्रामीणों ने तय किया है कि जल्द ही एक आम बैठक बुलाकर इस पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया जाएगा। नए नियमों के मुताबिक:
- मृत्यु के बाद केवल परिवार के सदस्यों और बेहद करीबी रिश्तेदारों के बीच ही साधारण भोजन होगा।
- यदि कोई व्यक्ति समझाने के बाद भी बड़े स्तर पर भोज का आयोजन करता है, तो पंचायत स्तर पर उस पर आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा।
- भोज पर होने वाले व्यर्थ खर्च की राशि को अब गरीब बच्चों की शिक्षा, गांव के बुनियादी विकास और असहाय परिवारों की मदद में लगाया जाएगा।
गांव वालों का संकल्प है कि शोक की घड़ी में पीड़ित परिवार पर बोझ डालने के बजाय उन्हें मानसिक और आर्थिक संबल दिया जाए, ताकि समाज में एक सकारात्मक बदलाव आए।