अद्भुत शिवभक्ति: स्केटिंग कर बाबाधाम जा रहे युवा, 101 लीटर गंगाजल के साथ पहुंचे श्रद्धालु

सावन की पहली सोमवारी और नागपंचमी के मौके पर सुल्तानगंज के अजगैवीनाथ मंदिर से बाबाधाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस बार श्रावणी मेले में शिवभक्ति के कई अनोखे रूप देखने को मिले, जिन्होंने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। कांवरिया पथ पर सामान्य कांवरियों के साथ-साथ डाकबम और दंडवत यात्री भी बड़ी संख्या में नजर आए।
इस यात्रा में सबसे खास रहे नालंदा, गया और सहरसा के पांच युवा—मिथुन, अंकित, सतीश, कुणाल शेखर और शशि। ये सभी युवा स्केटिंग करते हुए सुल्तानगंज से बाबाधाम की यात्रा पर निकले हैं। पीठ पर गंगाजल और सिर में स्पेस पहनकर स्केटिंग करते इन युवाओं को देख लोग हैरान रह गए। युवाओं ने बताया कि वे अपने घर से ही स्केटिंग करते हुए सुल्तानगंज पहुंचे हैं और अब दो दिनों में बाबाधाम पहुंचकर जल चढ़ाएंगे। उनके लिए यह रोमांच और शिवभक्ति का एक अनूठा संगम है।
वहीं, मन्नत पूरी होने की खुशी में छह कांवरियों का एक दल 101 लीटर गंगाजल लेकर बाबाधाम की ओर बढ़ता दिखा। इसके अलावा, गुजरात के सूरत से आए कुछ श्रद्धालुओं ने भी अपनी यात्रा शुरू की है। इन श्रद्धालुओं ने बाबा का रुद्राभिषेक किया और डेढ़ लाख मंत्र जाप के संकल्प के साथ अपनी यात्रा पर आगे बढ़े। पूरा कांवरिया पथ सोमवार को शिवभक्ति के इन अलग-अलग और अद्भुत रंगों का गवाह बना।