एसएम कॉलेज में लगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, अब तुरंत होगा समस्याओं का समाधान

भागलपुर के एसएम कॉलेज में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के तहत सबका सम्मान, जीवन आसान के लक्ष्य पर शुरू किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्या प्रो. निशा झा ने की।
- एसएम कॉलेज में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन हुआ।
- प्राचार्या प्रो. निशा झा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
- हर महीने के चौथे मंगलवार को महाविद्यालय में शिविर लगेगा।
- छात्राएं पोर्टल या टोल फ्री नंबर 1100 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
शिविर का उद्देश्य और जानकारी
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एसएम कॉलेज की प्राचार्या प्रो. निशा झा ने कहा की विद्यार्थी सहयोग शिविर के माध्यम से छात्राएँ अपनी समस्याएँ बता सकती हैं। जिसका त्वरित निपटारा किया जाएगा। यह एक अच्छी पहल है। उन्होंने छात्राओं को सहयोग शिविर के उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने बताया की प्रावधान के अनुसार प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को महाविद्यालय में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा।
समस्याओं के निष्पादन की प्रक्रिया
कार्यक्रम का संचालन और विषय प्रवेश करते हुए राजनीति विज्ञान विभाग के सीनियर असिस्टेंट प्रोफेसर और टीएमबीयू के पीआरओ डॉ. दीपक कुमार दिनकर ने बताया की विद्यार्थियों की समस्याओं, शिकायतों आदि के त्वरित व प्रभावी निष्पादन को लेकर राज्य सरकार का यह कदम काफी सराहनीय है। इसके तहत एक निश्चित टाइम फ्रेम में शिकायतों का निपटारा किया जाना है। 30 दिनों के भीतर आवेदक के शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई किये जाने का प्रावधान है। इसके लिए राज्य सरकार ने विद्यार्थी सहयोग पोर्टल भी लांच किया है। छात्राएँ उस पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत या समस्या बता सकती हैं या टोल फ्री नंबर 1100 पर भी डायल कर अपनी शिकायत दर्ज कर सकती हैं।
उपस्थिति
धन्यवाद ज्ञापन विद्यार्थी सहयोग शिविर हेतु महाविद्यालय के नोडल ऑफिसर डॉ. हिमांशु शेखर ने किया। इस अवसर पर कॉलेज के वरिष्ठ प्राध्यापक और टीएमबीयू के प्रॉक्टर प्रो. मुकेश कुमार सिंह, डॉ. पृथा बसु, ईशा स्मिता आदि उपस्थित थे। विद्यार्थी सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया।