पूर्णिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 28 भैंसें बरामद और तीन तस्कर गिरफ्तार

श्री नगर, पूर्णिया में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 28 भैंसों को बचाया है और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। श्री नगर के थानाध्यक्ष राहुल कुमार के अनुसार, यह घटना रानीबारी से उफ्रैइल की तरफ गश्त के दौरान हुई। पुलिस ने एक सफेद और पीले रंग के ट्रक को तेज गति से जाते देखा, जिसका नंबर BR 50GA 0109 है। वाहन के अंदर से जानवरों के रंभाने की आवाज सुनकर पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन ट्रक भागने की कोशिश करने लगा जिसे रानीबारी के बेलदारी टोला के पास पकड़ लिया गया। जांच में पता चला कि ट्रक में दो मंजिला ढांचा बनाया गया था, जिससे जानवरों को सांस लेने और हिलने-डुलने में परेशानी हो रही थी। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान अररिया जिले के बैरगाछी थाना क्षेत्र के सुरजापुर निवासी मोहम्मद मुख्तार, जलालगढ़ थाना क्षेत्र के बघवा निवासी मोहम्मद आशिक और केनगर थाना क्षेत्र के कोठीघाट रामपुर निवासी मोहम्मद जावेद के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि आरोपी पशुओं के परिवहन के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे भैंसों को चंपानगर हाट से अररिया स्थित एक फैक्ट्री ले जा रहे थे। अवैध पशु तस्करी और क्रूरता के आरोप में तीनों के खिलाफ मामला संख्या 112/26 दर्ज किया गया है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।