स्टार्टअप बिहार मार्केट कनेक्ट 2026: भागलपुर के स्थानीय बिजनेस को मिलेगी नई उड़ान
भागलपुर में स्टार्टअप बिहार मार्केट कनेक्ट 2026 आयोजित किया गया, जहाँ युवाओं को डिजिटल मार्केटिंग और ई-कॉमर्स के जरिए बिजनेस बढ़ाने के गुर सिखाए गए।

भागलपुर में स्थानीय उत्पादों और नए स्टार्टअप्स को एक बड़ा बाजार दिलाने के उद्देश्य से 'स्टार्टअप बिहार मार्केट कनेक्ट 2026' का शानदार आयोजन किया गया। ट्रिपल आईटी (Triple IT) भागलपुर और बीसीई (BCE) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय 'लोकल इनोवेशन से मार्केट अपॉर्चुनिटीज' रखा गया था। इस इवेंट में करीब 200 युवाओं और उद्यमियों ने हिस्सा लिया, जिन्हें अपने बिजनेस को डिजिटल युग के साथ जोड़ने के तरीके सिखाए गए।
कार्यक्रम के दौरान युवा उद्यमियों को डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांडिंग और ई-कॉमर्स की बारीकियों से रूबरू कराया गया। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक राकेश कुमार ने उद्यमियों को बताया कि जिला स्तर पर सरकार और विभिन्न संस्थान किस तरह की मदद उपलब्ध करा रहे हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर शुरू हुए काम को बड़े पैमाने पर ले जाया जा सके। वहीं, उद्योग विस्तार अधिकारी श्याम प्रकाश ने बिहार सरकार की स्टार्टअप पॉलिसी और उद्यमियों के लिए चलाई जा रही विशेष योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
D2C और ONDC से बदलेंगे छोटे कारोबारियों के दिन
इस आयोजन में सबसे खास बात डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (D2C) मॉडल पर चर्चा रही। विशेषज्ञों ने बताया कि कैसे स्टार्टअप्स बिना किसी बिचौलिए या दुकानदार के सीधे ग्राहकों को अपना सामान बेच सकते हैं, जिससे उन्हें कीमत और ब्रांडिंग पर पूरा नियंत्रण मिलता है। साथ ही, ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के महत्व पर जोर दिया गया। बताया गया कि ONDC के जरिए छोटे दुकानदार और स्थानीय स्टार्टअप्स भी डिजिटल मार्केटप्लेस का हिस्सा बन सकते हैं, जिससे उनके लिए व्यापार के नए रास्ते खुलेंगे।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में बीसीई के प्रिंसिपल डॉ. बिमलेश कुमार, कॉलेज स्टार्टअप सेल के फैकल्टी इंचार्ज प्रोफेसर शैलेश कुमार और ट्रिपल आईटी के स्टार्टअप सेल इंचार्ज डॉ. ओम प्रकाश सिंह ने अहम भूमिका निभाई और उद्यमियों का मार्गदर्शन किया।