भागलपुर के पदमपुर हाजीगंज स्थित सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल में बुधवार को पैरेंट-टीचर मीटिंग (पीटीएम) का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में कटिहार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के उप निदेशक अनीश कुमार सिंह भी शामिल हुए।
सेवा ही संकल्प अभियान के तहत
'मेरे सपनों का भारत' विषय पर एक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को
प्रमाण पत्र और पेन देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हाजीगंज के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत
'नमो सेवा-अंकही कहानियां' नामक नुक्कड़ नाटक रहा। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय और संवादों के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़ी विभिन्न घटनाओं को जीवंत कर दिया। इस प्रस्तुति ने स्कूल परिसर में मौजूद विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। नाटक के मुख्य कलाकारों में संतोष कुमार, साहिल, खुशी परवीन, छोटी, आरती, शिवानी, सिमरन, सुभाषनी और दिवानी शामिल रहे। इस आयोजन में शिक्षक केशव कुमार, अमित कुमार, मोहम्मद शब्बीर, निकेश कुमार ठाकुर, पूनम कुमारी, शालिनी यादव और किशन कुमार का सहयोग रहा। हाजीगंज हाई स्कूल के हेडमास्टर पवन कुमार भगत और पदमपुर हाई स्कूल की हेडमिस्ट्रेस मधु भारती ने भाग लेने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नाटक, नृत्य, पेंटिंग और भाषण जैसी रचनात्मक गतिविधियां बच्चों में सकारात्मक सोच पैदा करती हैं और उन्हें अपनी बहुमुखी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे कार्यक्रमों से सीखने और लगातार आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया।