सुल्तानगंज: 300 किलो का विशाल महाकाल कांवर देख लोग रह गए हैरान, बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना

सुल्तानगंज में इन दिनों शिवभक्तों का उत्साह चरम पर है। इसी बीच कोलकाता के काशीपुर से आए शिवभक्तों का एक जत्था अपनी अनोखी कांवर के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। ये भक्त उज्जैन के महाकालेश्वर की प्रतिमा से बनी करीब 300 किलो वजनी विशाल कांवर लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए हैं, जो हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही।
इस भव्य कांवर की खासियत यह है कि इसमें 100 लीटर गंगाजल से भरा एक बड़ा कलश रखा गया है। शिवभक्त रघुनाथ राय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष और विशाल कांवर को तैयार करने में उन्हें पूरे तीन महीने का समय लगा है।
इस यात्रा में झारखंड के भूली निवासी अजय कुमार भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले आठ वर्षों से लगातार इस कांवर यात्रा को कर रहे हैं और बाबा बैद्यनाथ के प्रति उनकी गहरी आस्था है।