सुल्तानगंज फोरलेन पर भीषण हादसा: खड़े ट्रक में घुसा इंडियन ऑयल का टैंकर, चालक की मौत
मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर खड़े ट्रक में घुसा इंडियन ऑयल का टैंकर, बेगूसराय के चालक की दर्दनाक मौत।

मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक टैंकर चालक की जान चली गई। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के गंगटी स्थित बाबा फूड प्लाजा के पास एक इंडियन ऑयल के टैंकर ने सड़क किनारे खड़े गिट्टी लदे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया।
घटना रात करीब 11:40 बजे की है। टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत सुल्तानगंज थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया है।
परिवार का इकलौता सहारा छिना, बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक चालक की पहचान बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र के अंबा गांव निवासी प्रमोद महतो के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, प्रमोद शुक्रवार को बरौनी डिपो से पेट्रोल लेकर निकले थे और बांका जिले के भगवानपुर-धोरैया स्थित 'मां गायत्री फ्यूल' पर तेल खाली करने के बाद वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ।
प्रमोद महतो पिछले 15 वर्षों से ट्रक चलाकर अपने परिवार का गुजारा कर रहे थे। उनके पीछे दो बेटे और दो बेटियां रह गई हैं। घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर चिंता जताते हुए कहा कि मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर भारी वाहनों का दबाव बहुत बढ़ गया है। रात के समय सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों की वजह से अक्सर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।