सुल्तानगंज में उमड़ा आस्था का सैलाब: पहली सोमवारी पर 1.17 लाख से ज्यादा कांवरियों ने उठाया गंगाजल

सावन की पहली सोमवारी और कृष्ण पक्ष की नवमी व पंचमी के खास संयोग पर सोमवार को सुल्तानगंज पूरी तरह शिवभक्ति में डूबा रहा। उत्तरवाहिनी गंगा तट से लेकर अजगैवीनाथ मंदिर और कांवरिया पथ तक हर तरफ 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयकारे गूंजते रहे। रविवार देर रात से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई थी और सोमवार दोपहर तक लाखों श्रद्धालु बाबाधाम की ओर बढ़ते रहे।
कृष्णानंद नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक, रात 12 बजे तक कुल 1,17,422 कांवरियों ने गंगाजल उठाया। कांवरियों के आने और जल लेकर आगे बढ़ने का यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। इसके साथ ही, 112 महिलाओं समेत कुल 3,159 डाकबम श्रद्धालु प्रमाणपत्र लेकर निकले, जिन्होंने 24 घंटे के भीतर जलाभिषेक करने का संकल्प लिया है।
वहीं, अजगैवीनाथ मंदिर में पहली सोमवारी के मौके पर सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की लंबी लाइनें लगी रहीं। मंदिर के स्थानापति महंत प्रेमानंद गिरि ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे पूजा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। पूरे दिन सुल्तानगंज में आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला।