भागलपुर के सुलतानगंज थाना पुलिस ने शनिवार को बाबा चौक फोरलेन के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए पुआल लदी जुगाड़ गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है।
- झारखंड से तस्करी कर मुंगेर ले जाई जा रही थी शराब की खेप
- जुगाड़ गाड़ी की तलाशी लेने पर पुआल के नीचे छिपाई गई मिली शराब
- पुलिस ने कुल 487.065 लीटर अंग्रेजी शराब की बरामद
- चालक सौरभ कुमार को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सुलतानगंज थानाध्यक्ष धनंजय कुमार को इलाके में शराब की बड़ी खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फोरलेन पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध पुआल लदी जुगाड़ गाड़ी आती दिखी।
जब पुलिस ने जुगाड़ गाड़ी को रोककर उसकी बारीकी से तलाशी ली, तो
पुआल के नीचे भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाई हुई मिली। पुलिस ने मौके से 34 बड़े और 21 छोटे कार्टन में बंद कुल 487.065 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की।
थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि इस मामले में मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
हिरासत में लिए गए चालक से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।