सुल्तानगंज में रक्षाबंधन की उमंग, बाजारों में छाई बहार और लगा जाम

सुल्तानगंज में गुरुवार को रक्षाबंधन के त्योहार की तैयारी को लेकर बाजार में भारी चहल-पहल देखने को मिली। मुख्य चौक बाजार, स्टेशन रोड, अपर रोड, दिलगौरी मोड़, अब्जुगंज और महेशी जैसे बड़े व्यावसायिक केंद्रों पर सुबह से ही बहनों की भारी भीड़ जुटी रही। खरीदारों ने अपने बजट के अनुसार राखियां खरीदीं, साथ ही कपड़ों, मिठाइयों और उपहार की दुकानों पर भी लोगों की बहुत भीड़ देखी गई। राखी की दुकानों पर भारी उत्साह देखा गया, जहां बहनों ने अपने भाइयों के लिए रेशमी, फैंसी और डिजाइनर राखियां सावधानी से चुनीं। पिछले साल की तुलना में इस बार राखियों के दाम में अच्छी खासी बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालु जलअभिषेक करने के लिए अजगैबीनाथ धाम पहुंचे। डाक कांवरियों की आवाजाही और त्योहारी खरीदारों की भारी भीड़ के कारण पूरे दिन सुबह से शाम तक रुक-रुक कर ट्रैफिक जाम लगा रहा।