भागलपुर में युवाओं को नशे से बचाने के लिए स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर विशेष महाअभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस ने सुलतानगंज थाना क्षेत्र से तीन स्मैक तस्करों को पकड़ा है।
एसएसजी कार्यालय के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुलतानगंज थाना क्षेत्र के दुधैला काली मंदिर के पास कुछ अपराधी अवैध मादक पदार्थ स्मैक का सौदा कर रहे हैं।
एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित विशेष टीम जैसे ही दुधैला काली मंदिर के समीप पहुंची, पुलिस बल को देखते ही तस्करों में हड़कंप मच गया और वे भागने लगे।
मुस्तैद सशस्त्र बल ने पीछा करके तीनों संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से 10 ग्राम स्मैक की पुड़िया, दो डिजिटल वेट मशीन और मोबाइल बरामद किए गए। पकड़े गए अभियुक्तों में गौतम कुमार निवासी महेशी, सुलतानगंज, छोटू कुमार निवासी दुधैला, सुलतानगंज और रूदल मंडल, निवासी दुधैला, सुलतानगंज शामिल हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।