सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैगों से 80 बोतल विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार
सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैगों से 64 हजार की विदेशी शराब मिली। आरपीएफ ने उत्पाद विभाग को सौंपी खेप।

आगामी दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी कामयाबी मिली है। स्टेशन परिसर में लावारिस हालत में छोड़े गए छह बैगों की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई है। जब्त की गई इस शराब की कुल कीमत करीब 64,600 रुपये बताई जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट कमांडर इंस्पेक्टर अभिनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में अंजाम दी गई। घटना उस समय हुई जब उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल डीएस पाल और कांस्टेबल मिंटू कुमार जमालपुर छोर की तरफ गश्त कर रहे थे। तभी उनकी नजर सार्वजनिक शौचालय के पास रखे दो पिट्ठू बैग, तीन हरे झोले और एक नीले-लाल रंग के झोले पर पड़ी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सुरक्षा मानकों को देखते हुए आरपीएफ टीम ने पहले आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन जब काफी समय तक कोई भी उन बैगों का मालिक सामने नहीं आया, तो संदेह होने पर गवाहों की मौजूदगी में उन्हें खोला गया। बैग खोलते ही अधिकारी दंग रह गए, क्योंकि उनमें नामी ब्रांडों की अंग्रेजी शराब की 80 बोतलें ठसाठस भरी हुई थीं। पुलिस की सक्रियता देख तस्कर पहले ही मौके से रफूचक्कर हो चुके थे।
बरामदगी के बाद एसआई अजय कुमार ने मौके पर ही जब्ती सूची तैयार की और पूरी खेप को भागलपुर के उत्पाद विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। अब रेलवे पुलिस स्टेशन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि उन शातिर तस्करों की पहचान की जा सके जिन्होंने इस खेप को वहां छोड़ा था।