तेढगाच के बैगाना में अंधेरा: ट्रांसफार्मर फुका, भीषण गर्मी में लोग बेहाल

तेढगाच ब्लॉक के निसंदरा फीडर के तहत आने वाले बैगाना के वार्ड नंबर 15 और 16 के लोग पिछले तीन दिनों से बिजली कटौती से जूझ रहे हैं। ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण इलाके में बिजली गुल है।
- तीन दिनों से बिजली गुल है।
- भीषण गर्मी और उमस के कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
- बच्चों की पढ़ाई और मोबाइल चार्जिंग जैसे जरूरी काम ठप हैं।
एक महीने में ही खराब हुआ नया ट्रांसफार्मर
गांव वालों के मुताबिक, इलाके में लंबे समय से लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी। इसे ठीक करने के लिए बिजली विभाग ने जुलाई में नया ट्रांसफार्मर लगाया था। लेकिन एक महीना भी नहीं बीता था कि यह ट्रांसफार्मर खराब हो गया और दोनों वार्ड अंधेरे में डूब गए। बिजली न होने से पानी की समस्या और दैनिक कार्यों में काफी बाधा आ रही है।
अधिकारियों के आश्वासनों से लोग नाराज
स्थानीय निवासी एहसान अली, मजीबु रहमान, अब्दुर रहीम, मसूद आलम, हबीबुर रहमान, मतेबुर रहमान, साबिर आलम, साहिरुद्दीन, रहीमउद्दीन और हाशिम आलम ने बताया कि उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों को इस समस्या की जानकारी दी। उन्होंने नाराजगी जताई कि अधिकारियों ने केवल मौखिक आश्वासन दिए, लेकिन ट्रांसफार्मर बदलने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
नया ट्रांसफार्मर लगाने का दावा
ग्रामीणों ने वरिष्ठ बिजली अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए और लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। इस मामले में बहादुरगंज के जूनियर इंजीनियर सुरेश कुमार ने कहा है कि गुरुवार को बैगाना में नया ट्रांसफार्मर लगाने की योजना है।