ठाकुरगंज के लोगों ने स्वर्णणिम भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशन पर बनने वाले नए प्रवेश द्वार का विरोध किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य गेट के पास दूसरा गेट बनने से स्टेशन की सुंदरता और व्यवस्था खराब होगी। इस शिकायत के बाद लोगों ने विधायक गोपाल अग्रवाल से मिलकर जांच और कार्रवाई की मांग की थी। मंगलवार को विधायक गोपाल अग्रवाल ने ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन पहुंचकर प्रस्तावित निर्माण स्थल का जायजा लिया। उन्होंने भी माना कि पास में ही दूसरा गेट बनने से मुख्य प्रवेश द्वार की खूबसूरती कम हो जाएगी।
विधायक ने रेलवे अधिकारियों और ठेकेदार से बात कर नए गेट की जगह बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है लेकिन इससे स्टेशन की सुंदरता, यात्रियों की सुविधा और ढांचागत रूप पर असर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को ऐसी जगह चुनने को कहा जिससे यात्रियों को भी परेशानी न हो और स्टेशन की सुंदरता भी बनी रहे।
विधायक अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रीय विकास में स्थानीय लोगों की भावनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उनके इस कदम के बाद स्थानीय लोगों ने खुशी जताई है। लोगों का कहना है कि वे स्टेशन के आधुनिकीकरण के पक्ष में हैं लेकिन ऐसा काम होना चाहिए जिससे सुंदरता बनी रहे। इस निरीक्षण के दौरान पूर्व मुख्य पार्षद प्रमोद चौधरी, भाजपा नेता अनिल महाराज और अमित सिन्हा, पार्षद दिलीप सिंह, जदयू जिला महासचिव परमजीत मंडल, जदयू नगर अध्यक्ष अमरजीत पासी, शिव पासवान, दीपक साहनी, मुन्ना राय, रूपक करमकार, मुकेश साह और मंसूर आलम समेत कई लोग मौजूद रहे।