भागलपुर के कहलगांव थाना क्षेत्र में हुए टिपिन कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस की विशेष टीम ने हत्या में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
- दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
- लोहे का टुकड़ा और मोबाइल बरामद
- कहलगांव थाना क्षेत्र का मामला
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कहलगांव थाना क्षेत्र के काजीपुरा निवासी मो. हुसैन और मो. अब्दुल असारी के रूप में की गई है। इस बात की जानकारी गुरुवार को भागलपुर के स्नेह सेतु सीडीपीओ ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी। सीडीपीओ ने बताया कि गत 28 अगस्त 2026 को मृतक टिपिन कुमार की पत्नी शेखा देवी ने कहलगांव थाने में अपने पति की हत्या को लेकर एक लिखित आवेदन दिया था।
मामला दर्ज होने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लिखित आवेदन में दिए गए तथ्यों का गहन विश्लेषण कर लगातार छापेमारी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपी मो. हुसैन मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर उसे धर दबोचा। इसके बाद हुसैन की निशानदेही पर घटना में संलिप्त दूसरे आरोपी मो. अब्दुल असारी को भी उसके काजीपुरा स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का एक टुकड़ा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की मुख्य वजहों का पूरी तरह से पता लगाया जा सके। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।