TMBU में अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के दौरान हंगामा, RSS से जुड़े संगठन के शामिल होने पर SSAI और AISA ने किया प्रदर्शन
तिलका मांझी भागलपुर यूनिवर्सिटी में अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के दौरान RSS से जुड़े संगठन के शामिल होने पर छात्रों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया।

तिलका मांझी भागलपुर यूनिवर्सिटी (TMBU) के मनोविज्ञान विभाग में शुक्रवार को आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस उस समय हंगामे की जगह बदल गई, जब SSAI और AISA के छात्र कार्यकर्ताओं ने वहां जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह कॉन्फ्रेंस मनोविज्ञान विभाग और शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की गई थी, लेकिन इसी साझेदारी ने विवाद को जन्म दे दिया।
प्रदर्शनकारी छात्रों का मुख्य विरोध 'शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास' की भागीदारी और उनके दक्षिण बिहार प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार सिंह को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित करने पर था। यूनिवर्सिटी कैंपस में नारेबाजी करते हुए छात्रों ने इस कार्यक्रम के आयोजन पर गंभीर सवाल उठाए।
यूनिवर्सिटी को 'भगवा' करने की साजिश का आरोप
SSAI के यूनिवर्सिटी अध्यक्ष लालू यादव ने आरोप लगाया कि शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास वास्तव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की एक सहयोगी संस्था है। उन्होंने कहा कि न्यास को भागीदार बनाकर और उसके अध्यक्ष को अतिथि के रूप में बुलाकर यूनिवर्सिटी परिसर के भीतर RSS को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है। लालू यादव के मुताबिक, उन्होंने पहले ही इस संगठन को कार्यक्रम से बाहर रखने की मांग की थी, लेकिन समन्वयकों ने उनकी बात को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने कुलपति और रजिस्ट्रार से मांग की है कि भविष्य में RSS या उसकी किसी भी शाखा के साथ मिलकर ऐसे कार्यक्रम आयोजित न किए जाएं, वरना आने वाले समय में ऐसे आयोजनों को पूरी तरह बाधित किया जाएगा।
वहीं, AISA के प्रांतीय सह-सचिव प्रवीण कुशवाहा ने कुलपति और रजिस्ट्रार पर यूनिवर्सिटी को RSS का 'चरागाह' बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अगर ऐसा दोबारा हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कैंपस में "कुलपति और रजिस्ट्रार मुर्दाबाद", "अरुण सिंह मुर्दाबाद" और "यूनिवर्सिटी के भगवाकरण की साजिश रोको" जैसे नारे गूंजते रहे। इस प्रदर्शन में प्रिंस कुमार, गोविंद कुमार, गुंजन कुमार, कौशल शर्मा, रवि पासवान और राजीव भगत समेत सैकड़ों की संख्या में छात्र मौजूद थे।