भागलपुर के तिलकामांछी भागलपुर यूनिवर्सिटी में गुरुवार को लगभग 70 गेस्ट टीचरों ने वित्त अधिकारी के दफ्तर का घेराव किया। यह प्रदर्शन पिछले सात महीने से वेतन न मिलने की वजह से किया गया। इस दौरान तीखी नोकझोक हुई और संतोषजनक जवाब न मिलने पर वित्त अधिकारी अपने कमरे से बाहर चले गए।
प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने सवाल उठाया कि उन्हें बाकी बकाया राशि के लिए शिक्षा विभाग से अगली अनुमति का इंतजार करने के लिए क्यों कहा जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजभवन पहले ही सात महीने के बकाये के भुगतान के निर्देश दे चुका है और बिना ऐसी विभागीय मंजूरी के चार महीने का वेतन पहले ही दिया जा चुका है।
वित्त अधिकारी ने बताया कि मानदेय भुगतान से जुड़ी फाइल कुलपति द्वारा लौटा दी गई है और आगे का कोई भी भुगतान केवल कुलपति के आदेश पर ही होगा। इसके बाद परेशान शिक्षक रजिस्ट्रार के दफ्तर गए, लेकिन वहां भी उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर जानबूझकर प्रक्रिया में देरी कर रहे हैं।
शिक्षकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वेतन न मिलने से उन्हें भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा, जिससे उनकी दुर्गा पूजा फीकी हो गई। गेस्ट टीचरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनका बकाया जल्द नहीं चुकाया गया, तो वे यूनिवर्सिटी में ताला लगाने के लिए मजबूर होंगे। इस प्रदर्शन में डॉ. अनंत कुमार दास, डॉ. अजय कुमार और डॉ. रणजीत कुमार सहित कई अन्य शिक्षक शामिल रहे।