टीएमबीयू में धूमधाम से मना एनएसएस स्थापना दिवस, उत्कृष्ट वालंटियर्स सम्मानित

MyBhagalpur Team24 September 20262 min read2 viewsCity Local
टीएमबीयू में धूमधाम से मना एनएसएस स्थापना दिवस, उत्कृष्ट वालंटियर्स सम्मानित

तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन और संयुक्त दीप प्रज्वलन के साथ हुई। समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय, साइंस डीन प्रो. रंजना दुबे, छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. अर्चना साह, सिंडिकेट सदस्य डॉ. मृत्युंजय सिंह गंगा, मारवाड़ी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार झा, टीएनबी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दीपू महतो, बीएन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अनिरुद्ध कुमार और एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राहुल कुमार ने संयुक्त रूप से किया। डॉ. राहुल कुमार ने स्वागत भाषण दिया और कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

  • जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने एनएसएस वालंटियर्स के कार्यों की सराहना की
  • कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति को सलामी देने वाले शानू मिश्रा सम्मानित हुए
  • विभिन्न कॉलेजों के उत्कृष्ट कार्यक्रम पदाधिकारियों और वालंटियर्स को मिला सम्मान

अधिकारियों और वालंटियर्स का हुआ सम्मान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम अलंकृता पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रहित और देशभक्ति से समझौता किए बिना समाज के जिम्मेदार नागरिक के रूप में एनएसएस वालंटियर्स का कार्य सराहनीय है। उन्होंने जिले में एनएसएस की भूमिका को रेखांकित किया। इस अवसर पर नई दिल्ली स्थित कर्तव्य पथ पर राष्ट्रपति को सलामी देकर लौटे टीएमबीयू के एनएसएस स्वयंसेवक शानू मिश्रा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए विभिन्न कॉलेजों के कार्यक्रम पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया, जिनमें डॉ. अजीत कुमार, डॉ. राकेश रंजन, डॉ. हिमांशु शेखर, डॉ. अनुपमा दुबे, सलील कुमार सिंह के अलावा सभी इकाइयों से 30 स्वयंसेवकों को बेस्ट वॉलिंटियर का अवार्ड दिया गया। साथ ही विश्वविद्यालय स्तर के पांच वर्तमान और पांच पूर्ववर्ती स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया।

चरित्र और राष्ट्र निर्माण का संदेश

अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. रंजना दुबे ने कुलपति की ओर से शुभकामनाएं देते हुए छात्रों को चरित्र और राष्ट्र निर्माण में निरंतर योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, ग्रुप फोटोग्राफी और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment