भागलपुर टीएमबीयू में बाढ़ का कहर, शिक्षकों के घरों में घुसा पानी और कोबरा सांप

भागलपुर के तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के लालबाग परिसर में रहने वाले शिक्षक बढ़ते बाढ़ के पानी के कारण वहां से जाने को मजबूर हो रहे हैं। गंगा नदी में लगातार पानी बढ़ने से कई घरों में पानी घुस गया है, जिससे लोगों ने अपना सामान हटाना शुरू कर दिया है। इस मुश्किल हालात के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने फंसे हुए शिक्षकों के लिए नावों की व्यवस्था नहीं की है, जिससे उनके रोज आने-जाने में बहुत परेशानी हो रही है। लालबाग परिसर के निचले इलाकों में पानी का स्तर दो से तीन फीट तक पहुंच गया है।
जानवरों का खतरा
नीचे की मंजिलों पर रहने वाले लोगों के सामने बाढ़ के पानी से बचने के लिए आ रहे जहरीले जीवों का भी खतरा पैदा हो गया है। शुक्रवार की रात को सड़क के किनारे बने डॉ. विवेक हिंद के क्वार्टर के अंदर एक जहरीला कोबरा सांप पाया गया। इस घटना से वहां हड़कंप मच गया और बाद में वन विभाग की टीम ने सांप को रेस्क्यू किया।