विक्रमशिला सेतु तीन महीने के लिए बंद, जानिए कहां से जाएगी गाड़ियां

भागलपुर का विक्रमशिला सेतु 30 सितंबर की रात 12 बजे से तीन महीने के लिए बंद होने जा रहा है। बेली ब्रिज को हटाने और ठीक करने के काम के चलते यह फैसला लिया गया है और पुल के जनवरी में फिर से खुलने की उम्मीद है। प्रशासन ने इस वजह से भारी ट्रैफिक को श्री कृष्ण सेतु और मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन हाईवे की तरफ डायवर्ट कर दिया है, जो अब मुख्य रास्ता बन गया है। जिला प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और एनएचएआई ने मिलकर जाम से निपटने के लिए तीन शिफ्टों में 24 घंटे काम करने वाले 30 ट्रैफिक कर्मी तैनात किए हैं। ये टीमें नया रामनगर, तेलिया तालाब, बढ़ियापुर डायवर्शन, बढ़ियापुर ओवरब्रिज, एनएच-80 पर बढ़ियापुर थाने के पास और सफियासराय चौक जैसी पांच अहम जगहों पर तैनात हैं। ट्रैफिक डायवर्शन, वैकल्पिक रास्तों, नाव संचालन और यात्रियों की सुरक्षा पर नजर रखने के लिए अपर जिला दंडाधिकारी (कानून-व्यवस्था) की अध्यक्षता में छह सदस्यों की एक उच्च स्तरीय निगरानी समिति बनाई गई है।