विक्रमशिला सेतु की मरम्मत अंतिम चरण में, चौथे हिस्से में गर्डर लॉन्चिंग की तैयारी तेज
भागलपुर के विक्रमशिला सेतु की मरम्मत अंतिम चरण में है। चौथे हिस्से में गर्डर लॉन्चिंग की तैयारी तेज, जानें कब तक बहाल होगा ट्रैफिक।

उत्तर और पूर्वी बिहार को जोड़ने वाली लाइफलाइन कहे जाने वाले विक्रमशिला सेतु मरम्मत कार्य अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। पुल के क्षतिग्रस्त हिस्सों को ठीक करने का काम तेजी से चल रहा है और अब निर्माण एजेंसी का पूरा फोकस चौथे और अंतिम हिस्से (भागलपुर छोर) पर है। अगले दो से तीन दिनों के भीतर यहां भारी-भरकम स्टील गर्डर लॉन्च करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
पुल की स्थिति को सुधारने के लिए कुल चार क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिन्हित किया गया था। इनमें से दो हिस्सों में स्टील गर्डर लगाने का काम पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि तीसरे हिस्से में यह प्रक्रिया शनिवार से शुरू हुई थी जो अब समापन की ओर है। चौथे हिस्से में गर्डर रखने से पहले पिलरों पर नई बेयरिंग सेट करने का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इंजीनियरों के मुताबिक, सभी चार प्रभावित हिस्सों में दो-दो स्टील गर्डर लगाए जा रहे हैं।
15 दिसंबर तक स्लैब ढलाई का लक्ष्य, जनवरी 2027 तक खुल सकता है पुल
निर्माण एजेंसी ने तय किया है कि जैसे ही चौथे हिस्से में गर्डर लॉन्चिंग पूरी होगी, चारों क्षतिग्रस्त स्पैन पर नए स्लैबों की ढलाई शुरू कर दी जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया को 15 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही नदी के भीतर से उन अस्थायी लोहे के बीम (सपोर्ट) को हटाने का काम भी शुरू हो गया है, जिन्होंने कमजोर स्लैबों को सहारा दिया था।
पुल के वजन को कम करने के लिए पुरानी भारी आरसीसी रेलिंग और फुटपाथ को काटने का काम भी जारी है, जिसे नवंबर के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। इनकी जगह अब हल्के स्टील के फुटपाथ और नई सुरक्षा रेलिंग लगाई जाएगी।
बता दें कि मई महीने में पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद से इस 4.7 किलोमीटर लंबे सेतु पर आवागमन पूरी तरह बंद है, जिससे लाखों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, 15 दिसंबर तक स्लैब ढलाई के बाद कंक्रीट की मजबूती के लिए 28 दिनों की क्योरिंग और लोड टेस्टिंग की जाएगी। इसी आधार पर उम्मीद जताई जा रही है कि जनवरी 2027 (मकर संक्रांति के आसपास) तक सेतु पर वाहनों का परिचालन फिर से शुरू हो सकेगा।