विक्रमशिला सेतु की मरम्मत में बड़ा पड़ाव पार, गर्डर लॉन्चिंग पूरी; अब 15 दिसंबर तक स्लैब कास्टिंग का लक्ष्य
भागलपुर के विक्रमशिला सेतु की मरम्मत में बड़ा पड़ाव पार। गर्डर लॉन्चिंग पूरी हुई, अब 15 दिसंबर तक स्लैब कास्टिंग का लक्ष्य।

भागलपुर के लाइफलाइन माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु की मरम्मत का काम अब अपने अंतिम और निर्णायक दौर में पहुंच गया है। 17 नवंबर 2026 को पुल के चौथे और आखिरी सेक्शन में स्टील गर्डर की लॉन्चिंग का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। इस महत्वपूर्ण पड़ाव के साथ ही अब अधिकारियों ने स्लैब कास्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसे 15 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस पूरे प्रोजेक्ट की कमान बिहार राज्य सेतु निर्माण निगम के पास है, जबकि निर्माण एजेंसी एसपी सिंगला इस काम को अंजाम दे रही है। प्रबंध निदेशक जितेंद्र कुमार खुद इस प्रोजेक्ट की तेज रफ्तार की निगरानी कर रहे हैं। गौरतलब है कि मरम्मत का यह सिलसिला 1 अक्टूबर 2026 से शुरू हुआ था, ताकि पुल की मजबूती को दोबारा बहाल किया जा सके।
जनवरी में खुल सकता है ट्रैफिक, नवंबर की उम्मीदें खत्म
पुल के काम को लेकर आम जनता में यह चर्चा थी कि 30 नवंबर तक रास्ता खुल जाएगा, लेकिन तकनीकी कारणों से ऐसा होना संभव नहीं दिख रहा है। स्लैब कास्टिंग पूरी होने के बाद कंक्रीट की मजबूती के लिए 28 दिनों का अनिवार्य 'क्योरिंग पीरियड' (तराई) जरूरी होता है। इसके बाद पुल की लोड टेस्टिंग की जाएगी। इन तकनीकी प्रक्रियाओं के कारण अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि 14 जनवरी 2027 से पहले ट्रैफिक पूरी तरह बहाल करना एक बड़ी चुनौती होगी।
पुल के वजन को कम करने के लिए इस बार स्ट्रक्चरल बदलाव भी किए गए हैं। पुराने भारी कंक्रीट रेलिंग और फुटपाथ को हटा दिया गया है, जिनकी जगह अब हल्के लेकिन टिकाऊ स्टील रेलिंग और आयरन फुटपाथ लगाए जा रहे हैं। बता दें कि यूपी ब्रिज कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित यह सेतु साल 2001 से चालू था।