विक्रमशिला सेतु के मरम्मत कार्य में आई तेजी, जनवरी 2027 में होगा लोड टेस्ट
भागलपुर के विक्रमशिला सेतु के मरम्मत कार्य में तेजी आई है। जानें कब होगा लोड टेस्ट और कब तक खुलेगा पुल।

भागलपुर के महत्वपूर्ण विक्रमशिला सेतु की मरम्मत का काम अब युद्ध स्तर पर चल रहा है। 3 मई 2026 को पुल का एक स्लैब गंगा नदी में गिर गया था, जिसके बाद से मरम्मत की प्रक्रिया जारी है। ताजा अपडेट के अनुसार, नउगाचिया की तरफ से सेंटरिंग का काम शुरू हो गया है और पुल के चारों क्षतिग्रस्त हिस्सों में भारी स्टील गर्डर्स लगाए जा चुके हैं। अब स्लैब कास्टिंग का काम तेजी से किया जा रहा है।
1 अक्टूबर 2026 से शुरू हुए इस मरम्मत कार्य को 24 घंटे की शिफ्ट में अंजाम दिया जा रहा है। काम की गुणवत्ता और रफ्तार पर नजर रखने के लिए हर दिन की प्रोग्रेस रिपोर्ट पटना मुख्यालय भेजी जा रही है। इस प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी एस.पी. सिंगला कंस्ट्रक्शन के पास है, जिन्हें 98 करोड़ रुपये का टेंडर मिला है। इस कार्य में महाराष्ट्र की मेट एसोसिएट्स और दिल्ली की मंगलम फर्म भी सहयोग कर रही हैं, जबकि तकनीकी मार्गदर्शन आईआईटी पटना की टीम द्वारा किया जा रहा है।
लोड टेस्टिंग और ट्रैफिक नियम
प्रशासन का लक्ष्य 15 दिसंबर 2026 तक स्लैब कास्टिंग का काम पूरा करना है। इसके ठीक बाद, 14 जनवरी 2027 को एक बड़ा परीक्षण किया जाएगा, जिसमें 180 टन के वाहन से पुल का लोड टेस्ट होगा। इसी टेस्ट के आधार पर यह तय होगा कि पुल को दोबारा यातायात के लिए खोलना सुरक्षित है या नहीं।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अधिकारियों ने साफ किया है कि मरम्मत के बाद भी भारी वाहनों का प्रवेश पुल पर वर्जित रहेगा। हालांकि मरम्मत किए गए हिस्सों की क्षमता 70 टन रखी गई है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर भारी वाहनों को मुंगेर के रास्ते ही डायवर्ट किया जाएगा। यह व्यवस्था तब तक जारी रहेगी जब तक कि समानांतर चार लेन वाला पुल और सुल्तानगंज-अगुआनी सेतु पूरी तरह चालू नहीं हो जाते। नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए पुल के दोनों छोरों पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे।