मुंगेर में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पूर्वसराय थाना क्षेत्र के गौशाला के पास चलती बस में चढ़ने की कोशिश कर रहे एक युवक का पैर फिसल गया और वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद तेज रफ्तार बस का पिछला पहिया उसके दोनों पैरों के ऊपर से गुजर गया। घटना के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
घायल युवक की पहचान हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के गोवड्डा गांव निवासी रघुवीर शरण राय के बेटे मोहित आनंद के रूप में हुई है।
मोहित आनंद मुंगेर मंडल कारागार में एक रिश्तेदार से मिलने गए थे। जेल जाने के बाद वह अपने घर लौटने के लिए गौशाला के पास एक निजी बस में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे।
यात्रियों की भारी भीड़ और धक्कम-धक्का के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद तेज रफ्तार बस के भारी पहिये ने उनके पैरों को कुचल दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।