Blog/भागलपुर में ऊपर हवाई जहाज़ और नीचे रनवे पर बाइक स्टंट, लैंडिंग होता तो जाती जान, वापस हुआ टेकऑफ़
Sad/Bad

भागलपुर में ऊपर हवाई जहाज़ और नीचे रनवे पर बाइक स्टंट, लैंडिंग होता तो जाती जान, वापस हुआ टेकऑफ़

Lov Singh10 March 20222 min read2 views
भागलपुर में ऊपर हवाई जहाज़ और नीचे रनवे पर बाइक स्टंट, लैंडिंग होता तो जाती जान, वापस हुआ टेकऑफ़

हवाई अड्डा के रनवे पर बुधवार को गंगा का एरियल सर्वे करने पहुंची टीम का चार्टर विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गया। गंगा का एरियल सर्वे करने के बाद जब टीम को लेकर विमान हवाई अड्डा पर लैंड करने वाला था, तो उस समय कई युवा बाइक लेकर रनवे पर स्टंट कर रहे थे। सर्वे टीम में शामिल रघुराम वर्मा ने कहा कि विमान लैंड करने के लिए रनवे के काफी नजदीक पहुंच गया था। रनवे पर बाइकर्स को देख फिर से विमान को ऊपर की ओर उड़ान भरनी पड़ी। बाद में एक चक्कर लगाने के बाद रनवे पर लैंड कर सका। रघुराम वर्मा ने कहा कि यह प्रत्येक दिन की कहानी है।

 

प्रत्येक दिन हमलोग लैंड करने से पहले यह देखते हैं कि रनवे और आसपास बाइकर्स तो नहीं हैं, इसके बाद ही लैंड करते हैं।

हमलोगों ने पहले ही जिला प्रशासन को सूचना दे दी है कि लैंडिंग और उड़ान भरने के समय परेशानी होती है। सुरक्षा के लिए अग्निशमन वाहन, सुरक्षा बल आदि की व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से की गई है। इसके बावजूद सुरक्षा के इंतजाम पर्याप्त नहीं है। अगर हवाई अड्डा मैदान में आने से बाइकर्स को नहीं रोका गया, तो कभी भी कोई दुर्घटना घट सकती है। बताते चलें कि भागलपुर हवाई अड्डा के रनवे पर बाइकर्स दिन भर रनवे पर फर्राटा भरते हैं। प्रत्यक्षदर्शी दीपक रंजन ने कहा कि विमान रनवे के काफी नजदीक आ गया था। बाइकर्स के रनवे पर होने के कारण एक बार फिर से विमान ऊपर की ओर उड़ गया। बाद में हवाई अड्डा मैदान का एक चक्कर लगाने के बाद विमान रनवे पर लैंड हुआ।

 

 

दीपक रंजन ने कहा कि मैंने इसकी लिखित शिकायत तिलकामांझी थाना पुलिस से की है। अभी गंगा का सर्वे करने वाली टीम को लेकर प्रत्येक दिन चार्टर विमान उड़ान भरता है। इसके बाद भी सुरक्षा की अनदेखी कई बड़े सवाल खड़े कर रही है। चार्टर विमान के लैंडि‍ंग में हुई परेशानी को लेकर एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर दिन भर वायरल होते रहा। वीडियो में सुरक्षा में तैनात जवानों को भी यह कहते सुना गया कि गेट पर ही हवाई अड्डा मैदान में प्रवेश करने से बाइकर्स को रोकना होगा। हवाई अड्डा मैदान में प्रवेश करने से बाइकर्स को नहीं रोका गया, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है। यह कोई पहली घटना नहीं है। सात नवंबर को सर्वे के लिए पहुंची टीम के चार्टर विमान को भी भागलपुर हवाई अड्डे पर लैंड करने में परेशानी हुई। उस समय रनवे पर मवेशी के विचरण करने के कारण विमान को कई बार शहर का चक्कर लगाना पड़ा था।

Share:

Comments

Leave a comment