बड़ी खुशखबरी: भागलपुर से अहमदाबाद के बीच चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, सफर होगा आसान!

भारतीय रेलवे ने बिहार के भागलपुर और गुजरात के अहमदाबाद के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए 19423/19424 अहमदाबाद-भागलपुर-अहमदाबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की है। यह फैसला बढ़ती यात्री मांग को पूरा करने और पूर्वी बिहार को गुजरात के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्र से जोड़ने के लिए लिया गया है।
- अहमदाबाद से भागलपुर ट्रेन 26 अगस्त 2026 से शुरू होगी।
- भागलपुर से अहमदाबाद ट्रेन 28 अगस्त 2026 से शुरू होगी।
- यह सेवा वर्तमान 09447/09448 अहमदाबाद-पटना-अहमदाबाद क्लोन स्पेशल ट्रेन की जगह लेगी।
- इस ट्रेन से भागलपुर, मुंगेर और आसपास के इलाकों के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
ट्रेन का समय और शेड्यूल
19423 अहमदाबाद-भागलपुर साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस 26 अगस्त 2026 से चलेगी। यह हर बुधवार शाम 6:30 बजे अहमदाबाद से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी। वहीं, वापसी सेवा 19424 भागलपुर-अहमदाबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस 28 अगस्त 2026 से शुरू होगी, जो हर शुक्रवार शाम 4:45 बजे भागलपुर से चलेगी और तीसरे दिन सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
पूर्वी रेलवे के अधिकार क्षेत्र में यह ट्रेन अभैपुर, जमालपुर और सुलतानगंज स्टेशनों पर रुकेगी। इससे मुंगेर, लखीसराय, भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सुविधा मिलेगी।
व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) शिबराम मांझी ने बताया कि यह रूट बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह भारत की 'सिल्क सिटी' और प्रमुख बिजनेस सेंटर भागलपुर को गुजरात के औद्योगिक केंद्र अहमदाबाद से जोड़ता है। इस नई सेवा से व्यापार, रोजगार, शिक्षा और यात्रा में आसानी होगी, खासकर उन लोगों के लिए जो गुजरात में काम करते हैं या व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े हैं। रेलवे जल्द ही 19424 भागलपुर-अहमदाबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के टिकट बुकिंग की तारीखों की घोषणा करेगा।