अकबरनगर में गंगा का तांडव, गांवों में घुसा पानी और एनएच-80 पर मंडराया खतरा

भागलपुर के अकबरनगर और आसपास के दियारा क्षेत्रों में गंगा नदी के रौद्र रूप ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण गंगा नदी उफान पर है, जिससे तटीय इलाकों में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। बाढ़ का पानी तेजी से खेरैहिया, इंग्लिश चिचरौन, राघवपुर और अकबरनगर के कई निचले रिहायशी इलाकों और गांवों में घुस गया है। इसके चलते सैकड़ों परिवार विस्थापन का दंश झेलने को मजबूर हैं और सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। बाढ़ के कारण इंसानों के साथ-साथ मवेशियों के सामने भी बड़ा संकट खड़ा हो गया है। धान की खड़ी फसलें और खेत पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। चारों तरफ पानी भर जाने से इलाके में चारे का घोर संकट पैदा हो गया है, जिससे पशुपालक अपने मवेशियों को बचाने के लिए बेहद परेशान हैं। प्रभावित इलाकों में लोग अब आवागमन के लिए छोटी डेगी नावों का सहारा ले रहे हैं।