भागलपुर के लाल अनुज कुमार रॉय को मिलेगा प्रतिष्ठित ‘शोभना सम्मान-2026’
फिल्म निर्देशक और लेखक अनुज कुमार रॉय को कला के क्षेत्र में प्रतिष्ठित शोभना सम्मान-2026 से नवाजा जाएगा। जानें उनकी उपलब्धियां।

अंग क्षेत्र की सांस्कृतिक और कलात्मक प्रतिभा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है। भागलपुर के निवासी, चर्चित फिल्म निर्देशक, लेखक और वरिष्ठ मीडिया कर्मी अनुज कुमार रॉय को कला की श्रेणी में प्रतिष्ठित ‘शोभना सम्मान-2026’ से विभूषित किया जाएगा। वर्तमान में नई दिल्ली स्थित दूरदर्शन समाचार (डीडी न्यूज़) में कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत श्री रॉय का मीडिया, साहित्य, सिनेमा और रंगमंच के क्षेत्र में गहरा और सक्रिय योगदान रहा है। उनकी इस बड़ी उपलब्धि से भागलपुर के कला और साहित्य जगत में खुशी की लहर है।
साहित्य, सिनेमा और रंगमंच में बहुमुखी पहचान
अनुज कुमार रॉय बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। साहित्य के क्षेत्र में उनकी लेखनी का जादू ‘एक पल की छांव’ और ‘जीवन के उस पार’ जैसी चर्चित पुस्तकों में साफ झलकता है। निर्देशन के मोर्चे पर उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने ‘खामोशी’, ‘आत्मग्लानि’, ‘क्लॉकिंग’, ‘माघ पूर्णिमा’, ‘कार्यंजलि’, ‘महुआ घटवारिन’, ‘यमुना पार’ और ‘भक्षण 1.0’ जैसी सार्थक और संवेदनशील फिल्मों का निर्माण कर दर्शकों और समीक्षकों को प्रभावित किया है।
सिर्फ सिनेमा ही नहीं, बल्कि रंगमंच से भी उनका गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने ‘कड़वा सच’, ‘आफत में यमराज’, ‘बिहुला’, ‘मंदार’ और ‘सबक’ जैसे कई यादगार नाटकों के मंचन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कला के प्रति उनके इसी समर्पण को पहले भी कई मंचों पर सराहा जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि उन्हें पूर्व में ‘कला कोविद’, ‘कर्ण पुरस्कार’ और ‘तिलकामांझी राष्ट्रीय सम्मान’ से नवाजा जा चुका है। इसके अलावा, विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में उन्हें बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट फिल्म और बेस्ट स्टोरी के खिताब भी मिल चुके हैं। ‘शोभना सम्मान-2026’ की घोषणा के बाद स्थानीय कलाकारों और बुद्धिजीवियों ने उन्हें ढेरों बधाइयां दी हैं।