भागलपुर में चमकेगी 800 खिलाड़ियों की प्रतिभा, जानिए पूरी खबर

MyBhagalpur Team25 September 20262 min read1 viewBihar
भागलपुर में चमकेगी 800 खिलाड़ियों की प्रतिभा, जानिए पूरी खबर

भागलपुर में 37वीं प्रांतीय एथलेटिक्स खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। इसमें प्रदेश के 17 जिलों के 800 खिलाड़ी अपना दम दिखाएंगे। यह प्रतियोगिता 26 सितंबर से 29 सितंबर तक चलेगी।

भागलपुर, 25 सितंबर। भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति (बिहार) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 37वीं प्रांतीय एथलेटिक्स खेलकूद प्रतियोगिता की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, नरगाकोठी, चंपानगर, भागलपुर के प्रांगण में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।

यह प्रेस वार्ता भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई जानकारी


प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने बताया कि विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की प्रांतीय इकाई भारती शिक्षा समिति द्वारा प्रतिवर्ष इस भव्य एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। विद्यालय एवं विभाग स्तर पर चयनित भैया-बहन इस प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 26 सितंबर से 29 सितंबर तक चलने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 17 जिलों के 7 विभागों से लगभग 800 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

वंदे मातरम गायन और गिनीज बुक रिकॉर्ड


प्रदेश सचिव ने एक और बड़ी उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि 'नमामि भारतम्' के तहत आयोजित वंदे मातरम कार्यक्रम में देश भर के 25,000 विद्यालयों के 40 लाख छात्रों ने एक ही समय पर, एक स्वर में सामूहिक वंदे मातरम का गायन किया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है, जो पूरे देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि हम भारत को भारत माता के रूप में पूजते हैं और वंदे मातरम में भारत माता का ही नमन किया गया है।

बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास


विद्या भारती द्वारा प्रतिवर्ष 21 प्रकार के खेलों का आयोजन किया जाता है, जिससे बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। खेल से भैया-बहनों में टीम भावना, अनुशासन और हार-जीत को सहजता से स्वीकार करने की खेल भावना विकसित होती है।

आगे का सफर


प्रतियोगिता के आगे के सफर की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस प्रांतीय खेलकूद में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी 7 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक जमशेदपुर में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय एथलेटिक्स खेलकूद प्रतियोगितामें हिस्सा लेंगे। वहां सफल होने वाले भैया-बहन पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय एथलेटिक्स खेलकूद प्रतियोगिता में प्रांत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को एसजीएफआई में खेलने का अवसर प्राप्त होता है।

इस विशेष अवसर पर भागलपुर के जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, बांका विभाग के विभाग निरीक्षक ब्रह्मदेव प्रसाद, मुंगेर विभाग के जिला निरीक्षक वीरेंद्र कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, प्रांतीय खेलकूद संयोजक राकेश कुमार पांडेय, कार्यक्रम प्रमुख डॉ. संजीव कुमार झा, दीपक कुमार झा, शशि भूषण मिश्र, शांतनु आनंद सहित विद्यालय के समस्त आचार्य व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment