भागलपुर में महिला एवं बाल विकास निगम के जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की तरफ से सदर अस्पताल परिसर के एएनएम ट्रेनिंग स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम किया गया। इस कार्यक्रम में एएनएम छात्राओं को माहवारी स्वच्छता, बाल विवाह रोकने, साइबर सुरक्षा और पैसों से जुड़ी जानकारी दी गई ताकि वे समाज में जागरूकता फैला सकें।
- सदर अस्पताल परिसर के एएनएम ट्रेनिंग स्कूल में हुआ विशेष जागरूकता कार्यक्रम
- छात्राओं को माहवारी स्वच्छता और बाल विवाह रोकने की दी गई जानकारी
- कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को बांटी गई एमएचएम किट और दिलाई गई शपथ
जिला मिशन समन्वयक श्री तबरेज़ खान ने माहवारी स्वच्छता और स्वास्थ्य पर बात की। उन्होंने बताया कि
माहवारी एक पूरी तरह प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए इसे लेकर किसी भी प्रकार की झिझक नहीं रखनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को स्वच्छ उत्पादों के उपयोग, समय पर पैड बदलने, उनके सही निस्तारण, हाथों की सफाई और कोई भी परेशानी होने पर डॉक्टर से सलाह लेने की बात कही।
जेंडर स्पेशलिस्ट श्री विवेक कुमार ने बाल विवाह से सेहत, पढ़ाई, समाज और पैसों पर पड़ने वाले बुरे असर के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि
वे खुद जागरूक रहें और अपने परिवार व समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए आगे आएं। वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अभिषेक सुमन ने छात्राओं को साइबर और डिजिटल अपराधों से बचने के तरीके बताए। टीचर जूली कुमारी की मदद से हुए इस कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने सवाल पूछे। कार्यक्रम के आखिर में सभी छात्राओं को एमएचएम किट दी गई और
बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक शपथ दिलाई गई।