भागलपुर को मिले 33.14 करोड़ के CSR फंड, सांसद अजय कुमार मंडल के सवाल पर केंद्र सरकार ने दिया जवाब

भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने लोकसभा में कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय से जिले के विकास, युवाओं के रोजगार और स्थानीय उद्योगों को लेकर सवाल पूछे थे। सोमवार को कॉरपोरेट कार्य राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने लिखित जवाब देते हुए बताया कि पिछले तीन वर्षों में भागलपुर जिले में विभिन्न कंपनियों ने सीएसआर (CSR) के तहत कुल 33.14 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इस राशि का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कौशल विकास और ग्रामीण विकास जैसे जरूरी क्षेत्रों में किया गया है।
मंत्रालय ने जानकारी दी कि इसी अवधि के दौरान पूरे बिहार में कुल 965.67 करोड़ रुपये का सीएसआर खर्च हुआ, जिसमें भागलपुर की अहम हिस्सेदारी रही। साथ ही सरकार ने बताया कि नया बिजनेस शुरू करने की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है। अब एक ही पोर्टल के जरिए कंपनी पंजीकरण और बैंक खाता समेत 11 सेवाओं की सुविधा मिल रही है। इसके अलावा, 15 लाख रुपये तक की पूंजी वाली नई कंपनियों के रजिस्ट्रेशन पर सरकारी शुल्क खत्म कर दिया गया है, जिससे छोटे उद्यमियों और स्टार्ट-अप्स को बड़ी मदद मिलेगी।
सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि भागलपुर उनकी कर्मभूमि है और वे इसके विकास के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के जवाब से साफ है कि जिले में सीएसआर निवेश बढ़ रहा है और लक्ष्य यही है कि इन पैसों का इस्तेमाल शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में हो। हालांकि, अभी भागलपुर के लिए अलग औद्योगिक क्लस्टर का प्रस्ताव मंत्रालय में विचाराधीन नहीं है, लेकिन सांसद ने भरोसा दिलाया कि वे सिल्क, वस्त्र, कृषि आधारित उद्योगों और स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के साथ मिलकर प्रयास जारी रखेंगे।