भागलपुर में 32,866 डायबिटीज मरीज, JLNMCH में फिर शुरू होगा स्पेशल क्लिनिक
भागलपुर में मधुमेह के बढ़ते मामलों के बीच JLNMCH में स्पेशलिटी क्लिनिक फिर शुरू होगा। स्वास्थ्य विभाग 14-30 नवंबर तक चलाएगा विशेष अभियान।

भागलपुर जिले में मधुमेह (डायबिटीज) के मरीजों की संख्या चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 32,866 लोग डायबिटीज से ग्रसित पाए गए हैं। इनमें 17,482 पुरुष और 15,384 महिलाएं शामिल हैं। यह आंकड़े गैर-संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत की गई व्यापक स्क्रीनिंग के बाद सामने आए हैं, जिसमें लाखों पुरुषों और महिलाओं की जांच की गई थी।
स्क्रीनिंग के दौरान सबसे ज्यादा मामले संहौला क्षेत्र में दर्ज किए गए हैं, जहां 2,386 पुरुष और 1,667 महिलाएं मधुमेह से पीड़ित मिलीं। इसके अलावा पीरपैंटी और कहलगांव में भी बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाया गया था। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि बिगड़ती जीवनशैली, गलत खान-पान, मोटापा और शारीरिक सक्रियता की कमी के कारण अब यह बीमारी युवाओं और बच्चों को भी अपना शिकार बना रही है।
JLNMCH में नियमित होगा इलाज, चलेगा विशेष अभियान
मरीजों की बढ़ती संख्या और इलाज की जरूरत को देखते हुए JLNMCH अस्पताल में डायबिटीज क्लिनिक को फिर से सक्रिय किया जा रहा है। चार साल पहले शुरू हुआ यह क्लिनिक नियमित रूप से नहीं चल पा रहा था, लेकिन अब मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. राजकमल चौधरी के निर्देशन में यह सप्ताह में छह दिन संचालित होगा। क्लिनिक के लिए डॉक्टरों की ड्यूटी तय कर दी गई है, जिसमें डॉ. वाजिद हुसैन, डॉ. संकेत राज, डॉ. राहुल कुमार भारती और डॉ. साकेत मरीजों की जांच करेंगे।
इसके साथ ही, 'विश्व मधुमेह दिवस' के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग 14 से 30 नवंबर तक 'एक्शन ऑन डायबिटीज इन टाइम' थीम के साथ एक विशेष अभियान चलाएगा। इस दौरान जिला अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर की मुफ्त जांच और काउंसलिंग की जाएगी।
डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि डायबिटीज का समय पर पता नहीं चला या इसे नियंत्रित नहीं किया गया, तो यह दिल की बीमारी, स्ट्रोक, किडनी फेलियर और आंखों की रोशनी जाने जैसे गंभीर खतरों का कारण बन सकता है। बार-बार पेशाब आना, अधिक प्यास और भूख लगना, अचानक वजन कम होना और घावों का देरी से भरना इसके मुख्य लक्षण हैं। समय रहते फास्टिंग, पोस्ट-मील और HbA1c टेस्ट कराने की सलाह दी गई है।