भागलपुर में बाढ़ से हाहाकार, 8.5 लाख लोग प्रभावित और दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष

MyBhagalpur Team14 September 20262 min read16 viewsBihar
भागलपुर में बाढ़ से हाहाकार, 8.5 लाख लोग प्रभावित और दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष

भागलपुर जिले में गंगा नदी के रौद्र रूप धारण करने से बाढ़ की स्थिति अत्यंत भयावह हो गई है। जिले के 111 गांव और 437 वार्ड पूरी तरह बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे 2,00,102 परिवारों के 8,56,379 लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। गंगा पार के इलाकों में हालात सबसे ज्यादा चिंताजनक बने हुए हैं।

राहत और बचाव कार्य


जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें राहत कार्यों में मुस्तैद हैं। आपदा प्रभावित क्षेत्रों से अब तक 24,812 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। आवागमन और रेस्क्यू के लिए 122 नावों का परिचालन किया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 80 चिकित्सा केंद्र सक्रिय किए गए हैं, जबकि प्रभावित पशुओं की संख्या 79,390 तक पहुंच गई है। भूख से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा 317 सामुदायिक रसोई चलाई जा रही हैं।

परिवारों की मुश्किलें और संघर्ष


सरकारी दावों और प्रयासों के बावजूद जमीन पर बेघर परिवारों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। सैकड़ों परिवार ऊंचे स्थानों पर शरण लेकर खानाबदोश की जिंदगी जीने को विवश हैं। बाढ़ के इस संकट ने परिवारों के भीतर पारंपरिक जिम्मेदारियों को भी बदल कर रख दिया है। पीड़ित बताते हैं कि चारों तरफ लबालब पानी भरे होने के कारण बच्चों की सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता बन गई है। अनहोनी के डर से महिलाएं चौबीसों घंटे बच्चों की निगरानी में जुटी हैं। वहीं दूसरी ओर, पुरुष अब परिवार के लिए भोजन जुटाने और पकाने की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में कई जगहों पर सामुदायिक किचन चलने के बावजूद लोग अपने स्तर पर भी चूल्हा जलाने का प्रयास कर रहे हैं। चारों तरफ पानी होने के कारण सूखी लकड़ियां मिलना नामुमकिन हो चुका है। बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि जो भी जलावन उपलब्ध है, वह पूरी तरह भीगा हुआ है। ऐसे में भीगी लकड़ियों को सुलगने और आग जलाने के लिए घंटों हाथ से पंखा झेलना पड़ता है, तब कहीं जाकर दो वक्त की रोटी का इंतजाम हो पाता है। वहीं बाढ़ का पानी उतरने की धीमी रफ्तार ने ग्रामीणों के सामने आजीविका और सुरक्षा का बड़ा संकट खड़ा कर दिया है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment