बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने भागलपुर जिले में बाढ़ की विभीषिका को देखते हुए बिहार सरकार से पूरे जिले को बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिले के अधिकांश प्रखंड बाढ़ की चपेट में हैं और स्थिति अत्यंत भयावह हो चुकी है।
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज, नाथनगर, सबौर, कहलगांव, पीरपैंती, नारायणपुर, रंगरा, इस्माइलपुर, नवगछिया और गोपालपुर प्रखंड बाढ़ से पूरी तरह प्रभावित हो चुके हैं। इसके अलावा शाहकुंड प्रखंड की कई पंचायतों में भी बाढ़ का भारी असर देखने को मिल रहा है। इन इलाकों में आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
पूर्व अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से अपील की है कि बिहार में बाढ़ की इस भयानक स्थिति को देखते हुए राज्य को अविलंब बाढ़ राहत के लिए विशेष पैकेज दिया जाए। उन्होंने जिला प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि जमीन पर बाढ़ राहत के नाम पर व्यवस्थाएं नदारद हैं। जिलाधिकारी को आपदा प्रबंधन कोष से प्रभावित इलाकों में तत्काल समुचित व्यवस्था करनी चाहिए।