भागलपुर में गंगा पर बनेगा डबल डेकर रेल-कम-रोड ब्रिज, विक्रमशिला और कटारिया के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी
भागलपुर के विक्रमशिला और कटारिया को जोड़ेगा नया डबल डेकर ब्रिज, रेल और सड़क दोनों की सुविधा मिलेगी।

बिहार के भागलपुर जिले के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब गंगा नदी पर एक आधुनिक डबल डेकर ब्रिज का निर्माण किया जाएगा, जो विक्रमशिला को कटारिया से जोड़ेगा। इस खास पुल की खासियत यह होगी कि इसके निचले हिस्से (लोअर डेक) से ट्रेनें गुजरेंगी और ऊपरी हिस्से (अपर डेक) पर चार लेन की सड़क होगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस डिजाइन बदलाव को अपनी आधिकारिक मंजूरी दे दी है, जबकि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस प्रस्ताव पर अपनी सैद्धांतिक सहमति जताई है।
गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने पुष्टि की है कि इस प्रोजेक्ट का मॉडल मुंगेर-मोकामा ब्रिज की तर्ज पर तैयार किया गया है। यह मुख्य स्टील ट्रस ब्रिज कहलगांव के बकेश्वर स्थान के पास लगभग 2.44 किलोमीटर लंबा होगा। इसके साथ ही विक्रमशिला और कटारिया स्टेशनों के बीच 26.23 किलोमीटर लंबी डबल रेलवे लाइन बिछाई जाएगी।
परियोजना की लागत और कनेक्टिविटी का विस्तार
इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए कहलगांव, रंगरा और गोपालपुर इलाकों में करीब 421 एकड़ जमीन की जरूरत होगी, जिसके लिए मुआवजे और अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। निर्माण कार्य को तीन साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। लागत की बात करें तो रेल परियोजना का शुरुआती अनुमान 2,178 करोड़ से 2,549 करोड़ रुपये था, लेकिन फोर-लेन सड़क जुड़ने से इसमें लगभग 2,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आने की उम्मीद है। सड़क निर्माण की आधी लागत बिहार सरकार वहन करेगी।
यह पुल विक्रमशिला स्टेशन के पास से शुरू होकर दक्षिण तट पर बकेश्वर स्थान तक जाएगा, जहाँ एक नया रेलवे स्टेशन भी बनाया जाएगा। गंगा पार करने के बाद यह रेल लाइन नउगाचिया क्षेत्र के गोपालपुर और रंगरा से होते हुए आगे बढ़ेगी, जिससे अजमाबाद और कालुचक जैसे गांव सीधे जुड़ेंगे। कालुचक में एक नया स्टेशन प्रस्तावित है, जो बरौनी-कटिहार रेल खंड के कटारिया स्टेशन से जुड़ेगा।
सड़क मार्ग की बात करें तो ऊपरी डेक को NH-31 और NH-80 से जोड़ा जाएगा। इस नए ब्रिज के बनने से मौजूदा विक्रमशिला सेतु पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। साथ ही, कोसी और सीमांचल क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए गोड्डा, दुमका और देवघर (झारखंड) जाने का रास्ता बेहद आसान और सीधा हो जाएगा। इससे पूर्वी बिहार और संथाल परगना के बीच व्यापार बढ़ेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।