भागलपुर में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, जानिए कब मिलेगी राहत

बंगाल की खाड़ी से उठे गहरे दबाव के कारण भागलपुर में बुधवार से लगातार बारिश हो रही है जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर सक्रिय यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। IMD के भागलपुर केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अनुपम नाहर ने बताया कि शुक्रवार 25 सितंबर 2026 को भागलपुर और पूरे बिहार क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस क्षेत्र का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जबकि आर्द्रता का स्तर 96 प्रतिशत और वायुमंडलीय दबाव 1006 hPa दर्ज किया गया है। IMD और सबौर स्थित बिहार कृषि विश्वविद्यालय (BAU) के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा विभाग के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 27 सितंबर तक मौसम अस्थिर रहेगा तथा भागलपुर और दक्षिण बिहार के जिलों में आंधी और वज्रपात का खतरा अधिक है।