भागलपुर-जमालपुर के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, रेलवे बोर्ड ने दी कई नई सुविधाएं

भागलपुर और जमालपुर के रेल यात्रियों के लिए रेलवे बोर्ड ने कई महत्वपूर्ण सुविधाओं को मंजूरी दी है। नई दिल्ली के रेल भवन में रेलवे बोर्ड के सदस्य (संचालन और व्यवसाय विकास) डॉ. मनोज कुमार सिंह और लखीसराय के अभयपुर (घोड़ाई) के पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में भागलपुर, जमालपुर, मुंगेर और किउल रेल खंड के यात्रियों की पुरानी मांगों पर चर्चा की गई। बैठक में कार्यकारी निदेशक (कोचिंग-1) सुदेश कुमार और रमाकांत सिंह भी मौजूद रहे।
इस बैठक के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:
- जमालपुर-पटना फास्ट इंटरसिटी ट्रेन चलाने के लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
- अहमदाबाद-भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस को सुपरफास्ट ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा और इसमें एसी कोच जोड़े जाएंगे।
- हावड़ा-राजगीर (नातेसर) टीओडी स्पेशल ट्रेन के फेरे हफ्ते में तीन दिन से बढ़ाकर चार दिन किए जाएंगे और इसमें एक एसी टू-टियर कोच जोड़ा जाएगा।
- जमालपुर-जसीडीह मेमू ट्रेन का संचालन पूरे रूट के लिए एक ही ट्रेन नंबर के तहत किया जाएगा, जिससे यात्रियों को ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
- भागलपुर-आनंद विहार विक्रमशिला एक्सप्रेस में प्रथम श्रेणी का एसी कोच जोड़ा जाएगा।