भागलपुर-जमालपुर तीसरी रेल लाइन: जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज, जल्द खत्म होगा ट्रेनों का इंतजार
भागलपुर और जमालपुर के बीच तीसरी रेल लाइन के लिए जमीन अधिग्रहण शुरू। 1094 करोड़ की इस परियोजना से ट्रेनों की देरी होगी खत्म।

भागलपुर और जमालपुर के बीच रेल यातायात को सुगम बनाने के लिए एक बड़ी तैयारी शुरू हो गई है। भागलपुर जमालपुर तीसरी रेल लाइन परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण का काम अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुंगेर और भागलपुर रेल क्षेत्रों में लगभग 66 हेक्टेयर जमीन के सत्यापन (वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया जारी है। इस पूरे कार्य को कंस्ट्रक्शन ईस्टर्न रेलवे, भागलपुर और जिला प्रशासन मिलकर संभाल रहे हैं।
जैसे ही जमीन का सत्यापन पूरा होगा, जिला भू-अधिग्रहण अधिकारी इस जमीन को अधिग्रहित कर रेलवे को सौंप देंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि जमीन अधिग्रहण की यह पूरी प्रक्रिया करीब तीन महीने में पूरी कर ली जाएगी, जिसके तुरंत बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
1094 करोड़ की लागत से बदलेगी रफ्तार
इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत 1094.53 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके तहत 52.81 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन बिछाई जाएगी। इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य ईसीएल राजमहल से आने वाली कोयला रेल गाड़ियों (कोयला रेक्स) को उत्तर बिहार के विभिन्न हिस्सों तक बिना किसी रुकावट के पहुंचाना है।
वर्तमान में भागलपुर-किउल रेल खंड पर केवल दो लाइनें हैं। इस रूट पर तेजस राजधानी, विक्रमशिला एक्सप्रेस, वंदे भारत, अमृत भारत और ब्रह्मपुत्र मेल जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें चलती हैं। मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों के बीच तालमेल बिठाने के कारण अक्सर ट्रेनों को 'आउटर' पर इंतजार करना पड़ता है, जिससे समय की काफी बर्बादी होती है। तीसरी लाइन आने से यह समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी और यात्री ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी।
बता दें कि शुरुआत में इस प्रोजेक्ट के लिए 1893 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन रेलवे बोर्ड ने लागत कम करने का निर्देश दिया। इसके बाद संशोधित अनुमान तैयार कर भेजा गया, जिसे बोर्ड ने मंजूरी दे दी।
कंस्ट्रक्शन ईस्टर्न रेलवे, भागलपुर के अधिशासी अभियंता अखिलेश कुमार ने बताया कि इकोनॉमिक कॉरिडोर के तहत इस परियोजना के लिए 66 हेक्टेयर जमीन का सत्यापन शुरू हो चुका है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगले तीन महीनों में यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। यह पूरी परियोजना तीन साल के भीतर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे न केवल माल ढुलाई की क्षमता बढ़ेगी बल्कि रेलवे के राजस्व में भी इजाफा होगा।