भागलपुर जिला कराटे एसोसिएशन के खिलाड़ियों ने पटना के नसरीगंज स्थित सेंट डोमिनिक सावियो हाई स्कूल में 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 6ठी केआईओ ईस्ट जोन कराटे-डो चैंपियनशिप में शानदार सफलता हासिल की है। भागलपुर के दल ने कुल सात पदक जीते, जिनमें एक स्वर्ण, एक रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं। इसके साथ ही सभी पदक विजेताओं ने आगामी राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के लिए सफलतापर्वक क्वालीफाई कर लिया है।
बालिकाओं की सब-जूनियर श्रेणी (-45 किलो) में
सबा खातून ने स्वर्ण पदक जीता। उर्दू गर्ल्स हाई स्कूल की छात्रा
रुद्राणी रानी ने जूनियर श्रेणी (-48 किलो) में रजत पदक प्राप्त किया। पांच अन्य खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में कांस्य पदक जीते, जिनके नाम सिदरा खातून (बालिका वर्ग), आफ़्रीन जमील (बालिका वर्ग), जैनब खान (बालिका वर्ग), अर्शिल खान (बालक वर्ग) और बादल कुमार (बालक वर्ग) हैं।
भागलपुर जिला कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष
रेंशी मो. मसीउल ओला ने पुष्टि की कि सभी सात पदक विजेता दिसंबर में निर्धारित राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में बिहार और भागलपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष रेंशी मो. मसीउल ओला और महासचिव मनीष कुमार शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए खिलाड़ियों, टीम के कोच बाल्मीकि कुमार और रुद्राणी रानी को बधाई दी। एसोसिएशन के अधिकारियों ने इस सफलता का श्रेय सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों की लगन और कोच के मार्गदर्शन को दिया। स्थानीय खेल प्रेमियों ने राष्ट्रीय स्तर पर टीम की संभावनाओं को लेकर उम्मीद जताई है।