मायागंज अस्पताल में इलाज में लापरवाही: बर्न वार्ड खाली, इमरजेंसी में तड़प रहे मरीज

भागलपुर के मायागंज अस्पताल में बर्न वार्ड की बदहाली और इलाज में लापरवाही का मामला सामने आया है, जिससे मरीजों के परिजन आक्रोशित हैं।

Ishita Kumari9 November 20262 min read0 viewsHealth
मायागंज अस्पताल में इलाज में लापरवाही: बर्न वार्ड खाली, इमरजेंसी में तड़प रहे मरीज

भागलपुर के मायागंज अस्पताल (JLNMCH) से स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली की एक बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। अस्पताल के बर्न वार्ड में इलाज की भारी लापरवाही के आरोप लगे हैं। हैरानी की बात यह है कि कागजों पर 19 बेड का बर्न वार्ड होने के दावों के बावजूद, गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को बर्न वार्ड के बजाय इमरजेंसी विभाग में ही भर्ती कर रखा गया है, जहां सुविधाओं का अभाव है।

यह पूरा मामला तब तूल पकड़ लिया जब नया बाजार निवासी वकील सत्यम कुमार गुप्ता की दो साल की बेटी अदिति और उसकी 60 वर्षीय दादी शीला देवी गंभीर रूप से झुलस गए। रविवार शाम करीब 7 बजे अदिति एक जलते हुए दीये के पास खेल रही थी, तभी दीया गिर गया और बच्ची का चेहरा, बायां हाथ और पैर बुरी तरह जल गए। बच्ची को बचाने की कोशिश में उसकी दादी शीला देवी की पीठ और दोनों पैरों में गंभीर जलन हो गई। परिजनों के मुताबिक, मासूम अदिति की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

डॉक्टरों की अनुपस्थिति और प्रशिक्षु छात्रों के भरोसे इलाज

मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्य डॉक्टरों ने मरीजों को सिर्फ एक बार देखा और उसके बाद दोबारा नहीं आए। इलाज की पूरी जिम्मेदारी मेडिकल प्रैक्टिशनर और अंडरग्रेजुएट छात्रों (ट्रेनिंग ले रहे छात्रों) पर छोड़ दी गई है। योग्य डॉक्टरों की निगरानी न होने के कारण परिजनों में भारी डर और आक्रोश है।

इतना ही नहीं, इमरजेंसी वार्ड में भर्ती दो अन्य झुलसे हुए मरीजों के परिजनों ने भी यही शिकायत की है कि वहां उचित मेडिकल सुपरविजन नहीं मिल रहा है। जब इस अव्यवस्था को कैमरे में कैद करने की कोशिश की गई, तो उन्हें रोका गया। आरोप यह भी है कि अस्पताल प्रभारी ने इस मामले में फोन कॉल का जवाब देना तक उचित नहीं समझा। फिलहाल, अस्पताल प्रशासन की ओर से इन गंभीर आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment