खुशखबरी! भागलपुर में झमाझम बारिश से राहत, धान रोपनी 95 प्रतिशत पूरी

भागलपुर जिले में सोमवार को पूरे दिन बादल छाए रहे और बारिश का सिलसिला जारी रहा। शाम करीब 4:30 बजे भारी बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। शाम की बारिश से पहले सुबह और दोपहर के समय कभी बादल तो कभी तेज धूप निकलने से काफी उमस बनी रही। 24 अगस्त को जिले में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद अधिकतम आर्द्रता 92 प्रतिशत तक पहुंच गई और पूरब दिशा से आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। सबौर और आसपास के इलाकों में औसतन 6.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।