भागलपुर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इनडोर सेवा शुरू, अब 160 बेड पर भर्ती होंगे गंभीर मरीज

भागलपुर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में अब 160 बेड पर भर्ती होकर इलाज करा सकेंगे मरीज, पटना जाने की मजबूरी होगी खत्म।

Ishita Kumari19 November 20262 min read0 viewsDevelopment and good news
भागलपुर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इनडोर सेवा शुरू, अब 160 बेड पर भर्ती होंगे गंभीर मरीज

पूर्वी बिहार और अंग क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए गुरुवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। लंबे इंतजार के बाद भागलपुर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल इनडोर सेवा का औपचारिक आगाज हो गया है। अब गंभीर मरीजों को इलाज के लिए पटना या राज्य से बाहर जाने की मजबूरी नहीं रहेगी, क्योंकि वे अब अपने ही शहर में आधुनिक सुविधाओं के बीच भर्ती होकर इलाज करा सकेंगे।

इस महत्वपूर्ण सेवा का उद्घाटन भागलपुर विधायक रोहित पांडेय ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल और अस्पताल अधीक्षक डॉ. एचपी दूबे की मौजूदगी में किया। प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बने इस अस्पताल की कुल क्षमता 200 बेड की है, जिनमें से फिलहाल 160 बेड पर मरीजों को भर्ती करने की सुविधा शुरू की गई है।

इन विभागों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

MyBhagalpur की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अस्पताल में अब केवल जांच ही नहीं, बल्कि गंभीर बीमारियों का इलाज भी इनडोर वार्डों में होगा। विशेष रूप से इन विभागों के मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा:

  • कार्डियोलॉजी (हृदय रोग)
  • नेफ्रोलॉजज (किडनी रोग)
  • न्यूरो सर्जरी
  • यूरो सर्जरी
  • प्लास्टिक सर्जरी

बता दें कि अब तक यहाँ केवल ओपीडी, एमआरआई, सीटी स्कैन, ईको और डायलिसिस जैसी सुविधाएं ही उपलब्ध थीं। गंभीर स्थिति होने पर मरीजों को दूसरे शहरों की दौड़ लगानी पड़ती थी, लेकिन अब नियमित निगरानी और आधुनिक चिकित्सा सुविधा यहीं मिल सकेगी।

उद्घाटन के बाद विधायक रोहित पांडेय ने वार्डों का निरीक्षण किया और भर्ती हुए मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने स्वीकार किया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी की वजह से इनडोर सेवा शुरू होने में थोड़ा समय लगा, लेकिन अब इस समस्या को काफी हद तक सुलझा लिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले एक से दो महीनों में अस्पताल की सभी तकनीकी और मानव संसाधन संबंधी कमियों को पूरी तरह दूर कर लिया जाएगा।

इस सुविधा के शुरू होने से न केवल भागलपुर, बल्कि बांका, मुंगेर, खगड़िया, कटिहार, पूर्णिया और झारखंड के सीमावर्ती इलाकों सहित करीब एक दर्जन जिलों के मरीजों को सीधा फायदा मिलेगा।

Share:

Comments

Leave a comment