भागलपुर के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और ईसीजी जांच की सुविधा नहीं होने से मरीजों को बड़ी परेशानी हो रही है। शहरी क्षेत्र के आठों अर्बन पीएचसी में ओपीडी सुबह नौ से शाम पांच बजे तक चलती है, लेकिन वहां सिर्फ आम बीमारियों का इलाज हो रहा है। गर्भवती महिलाओं, हड्डी टूटने वाले मरीजों और ईसीजी की जरूरत वाले लोगों को सदर अस्पताल या मायागंज अस्पताल भेजा जा रहा है।
जांच सुविधा न होने के कारण मरीजों को बड़े अस्पतालों में भीड़ लगानी पड़ती है, जहां अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे के लिए तीन से चार घंटे इंतजार करना पड़ता है। डॉक्टरों का कहना है कि अगर अर्बन पीएचसी में जांच सुविधाएं मिल जाएं, तो बड़े अस्पतालों पर मरीजों का बोझ काफी कम हो जाएगा। जिला स्वास्थ्य समिति के डीपीएम मणि भूषण झा ने बताया कि अर्बन पीएचसी में अभी एक्स-रे सेवा शुरू नहीं हुई है। अल्ट्रासाउंड के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ का लाइसेंस होना जरूरी है। वर्तमान में नाथनगर और सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल, कहलगांव और नवगछिया अनुमंडल अस्पताल तथा सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा है। जगदीशपुर में पहले यह सुविधा थी, लेकिन वहां की स्त्री रोग विशेषज्ञ का प्रमोशन सीनियर रेजिडेंट के पद पर हो गया है। नारायणपुर, शाहकुंड, इस्माइलपुर और अर्बन पीएचसी में स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती के बाद अल्ट्रासाउंड शुरू करने के लिए राज्य स्वास्थ्य समिति से अनुमति मांगी गई है। ईसीजी सेवा भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
नाथनगर रेफरल अस्पताल में एक्स-रे चालू है और रोज 10-15 मरीज आते हैं, जबकि अल्ट्रासाउंड सिर्फ गर्भवती महिलाओं के लिए है। शाहकुंड पीएचसी में एक्स-रे चालू है और अल्ट्रासाउंड मशीन लगी है, लेकिन स्टाफ की ट्रेनिंग बाकी है। सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे दोनों चालू हैं। बिहपुर सीएचसी में एक्स-रे है और दो दिन पहले मिला अल्ट्रासाउंड अभी लगाया जा रहा है। सनहाउला सीएचसी में एक्स-रे चालू है। पीरपैंती रेफरल अस्पताल में रोज 60-70 मरीजों का एक्स-रे होता है, लेकिन बिजली कटने पर जेनरेटर न होने से काम रुक जाता है। वहां रेडियोलॉजिस्ट और टेक्नीशियन न होने से अल्ट्रासाउंड मशीन छह महीने से बंद है। कहलगांव अनुमंडल अस्पताल में गर्भवती महिलाओं के लिए अल्ट्रासाउंड चालू है, लेकिन पिछले शनिवार से ट्रांसफार्मर जलने से एक्स-रे बंद है। उपाधीक्षक पवन गुप्ता ने बताया कि पटना से टेक्नीशियन सोमवार को मशीन ठीक करने आएंगे।